जोहार रांची, 20 जनवरी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren Davos Visit) एवं झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष सह विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन वरीय पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ झारखंड में विदेशी निवेश की संभावनाओं की तलाश में दावोस की यात्रा पर हैं।
ह्वाइट बैज का सम्मान झारखंड एवं झारखंडवासियों को समर्पित
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में भारत के पहले आदिवासी नेता के रूप में भाग लिया। झारखंड में उनके नेतृत्व और परिवर्तनकारी कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें ह्वाइट बैज से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सम्मान मेरे राज्यवासियों और मेरे झारखंड का सम्मान है। यह सम्मान झारखंड के लिए गौरव की बात है और इसके लिए मैं राज्यवासियों को हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।
इसे भी पढ़ें - ग्लोबल कंपनियों के प्रमुख से सीएम हेमंत सोरेन की बातचीत की होगी शुरुआत
निवेश की संभावनाओं को लेकर कई ग्लोबल लीडर्स से चर्चा होगी
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि झारखंड के अपने पुरखों और बाबा दिशोम गुरुजी के सपने को पूरा करने के मकसद से दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में सम्मिलित होने आया हूं। दावोस की यात्रा का उद्देश्य युवा झारखंड को अग्रणी राज्य बनाना है। दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के वैश्विक मंच से झारखंड में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आगे बढ़ेगा, तो हमारे राज्यवासी भी आगे बढ़ेंगे। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ झारखंड में निवेश को लेकर सकारात्मक बातें हुईं हैं और दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भी झारखंड में निवेश की संभावनाओं को लेकर कई ग्लोबल लीडर्स के साथ चर्चा होगी।
इसे भी पढ़ें - झारखंड भारत समेत विश्व के विकास की अगली कहानी को आकार देने के लिए तैयार
झारखंड में निवेश के खुलते द्वार, कई कंपनियों से सीएम सोरेन की चर्चा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप, एवरस्टोन ग्रुप सहित स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की वैश्विक व्यापार परिषदों और संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठक हो चुकी है और इन बैठकों में झारखंड में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढांचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु के अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई है। (प्रेस विज्ञप्ति)
-----समाप्त-----